रामनगर (नैनीताल)। दो महीने पहले संदिग्ध हालात में ग्रामीण की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने जुलूस निकाला और ग्रामीण की हत्या का आरोप लगाते हुए सीओ को ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ ने नए सिरे से जांच का आश्वासन दिया, जिस पर वह शांत हुए।
एसडीएम गौरव चटवाल और सीओ बलजीत सिंह भाकुनी को कहा कि ईदगाह खताड़ी निवासी मुस्तकीम (42) पुत्र इजराइल सात अक्तूबर को ढेला में किसी रिजॉर्ट में पत्थर घिसाई के लिए गया था लेकिन इसके बाद मुस्तकीम का पता नहीं चला। 14 अक्तूबर को उसका शव ढेला के जंगल में क्षत विक्षत रूप में मिला था। इस मामले में परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन दो माह बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीण भड़क गए। वहीं सीओ बलजीत सिंह भाकुनी ने कहा कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते विसरा दोबारा जांच के लिए भेजा गया है। वर्तमान में वाइल्ड लाइफ लैब देहरादून में विसरा परीक्षण के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली कारण स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल पुलिस नए सिरे से मामले की जांच कराएगी।
इस मौके पर हाजी मो. अकरम, बसपा नेता हेम भट्ट, आप नेता शिशुपाल सिंह रावत, कांग्रेस नेता तायब खान, नदीम अख्तर, मोइन खान सहित आदि मौजूद रहे।