फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्य आंदोलनकारियों ने शहर में निकाला जुलूस

Fri, 03 Apr 2015 01:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,रामनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
दो दिन पूर्व राज्य आंदोलनकारी एवं एक अन्य पर खनन माफिया द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में जहां जुलूस-प्रदर्शन किए जा रहे हैं, वहीं गांवों में भी लोग खनन माफिया के खिलाफ आग उगल रहे हैं। बृहस्पतिवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार राज्य आंदोलनकारियों ने सैकड़ों समर्थकों के साथ नगर में जुलूस निकालकर प्रभात ध्यानी, मुनीश कुमार को इंसाफ दिलाने की मांग की। प्रात: 11 बजे शहीद पार्क लखनपुर से जुलूस की शक्ल में महिलाओं, पुरुषों का हुजूम तहसील मुख्यालय पहुंचा। यहां हुई हंगामेदार सभा में वक्ताओं ने कहा कि ध्यानी और मुनीष पर हमला करने में स्टोन क्रशर स्वामी का हाथ है, जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए।
विज्ञापन



एसडीएम एसएस जंगपांगी के माध्यम से सीएम को भेजे ज्ञापन में वक्ताओं ने कहा कि 31 मार्च को रामनगर के वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी, पत्रकार मुनीश कुमार पर वीरपुरलच्छी गांव में खनन माफिया सोहन सिंह एवं उसके गुंडों ने जानलेवा हमला किया। स्टोन क्रशर स्वामी द्वारा ग्रामीणों के उत्पीड़न एवं प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने यह दोनों उक्त गांव में गए थे, जहां उन्हें घेरकर सुनियोजित तरीके से हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से घायल कर दिया।


राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने घटना की न्यायिक जांच कर खनन माफिया पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा पुलिस ने इस मामले में अब तक धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया है। नामजद आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने धमकी दी कि यदि उनकी मांगों पर अमल नहीं हुआ तो राज्य आंदोलनकारी आंदोलन करेंगे। इस दौरान नवीन नैथानी, नरेंद्र पाठक, विजय सिंह सुयाल, हरीश भट्ट, गणेश रावत, डा. निशांत पपनै, इंद्र सिंह मनराल, पुष्कर दुर्गापाल, मनोज कुमार खुल्बे, हेमंत रावत, जगदीश पांडे, किशनानंद जोशी, हाफिज सईद, हरिमोहन, गंगा पाठक, सुमित्रा देवी आदि मौजूद थे। 
विज्ञापन


पत्रकारों ने सीएम को भेजा ज्ञापन
रामनगर। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने एसडीएम एसएस जंगपांगी के माध्यम सीएम हरीश रावत को ज्ञापन भेजा और आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर लगाने की मांग की। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रभात ध्यानी का हैलीकाप्टर से कहीं बड़े एवं अच्छे अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच करने और नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्टोन क्रशर स्वामी, उसके गुर्गों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने गांव के अंदर उच्चाधिकारियों से निष्पक्षतापूर्वक पैमाइश कराकर मामले का समाधान करने, पैमाइश की वीडियोग्राफी करने को कहा है। इस दौरान जितेंद्र पपनै, विनोद पपनै, गणेश रावत, चंदन बंगारी, चंद्रसेन कश्यप, त्रिलोक रावत, राजीव अग्रवाल, खुशाल रावत, नसीम राजा, रोहित गोस्वामी, हरीश भट्ट, मो. उसमान, किशन कश्यप आदि पत्रकार मौजूद थे।

इनसेट--------
खनन माफिया को राज्य सरकार का संरक्षण : सत्यप्रकाश
पूर्व सभासद सत्यप्रकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि खनन माफिया पर राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिस कारण राज्य आंदोलनकारियों एवं जनता पर जानलेवा हमले हो रहे हैं। उन्होंने नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डा. केसी जोशी ने भी मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

प्रभात ध्यानी पर हमले से विधायक नाराज
राज्य की पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अमृता रावत ने आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी और उनके साथियों पर किए गए जानलेवा हमले की निंदा की है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से जल्द पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने को कहा है।

दो और नामजद आरोपी पकड़े
पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट ने नामजद आरोपियों में से ग्राम थारी निवासी शेर सिंह पुत्र प्रेम सिंह, सुखविंदर उर्फ सुक्खी सिंह पुत्र जोगेंदर सिंह को मुखबिर की सूचना पर काशीपुर के जसपुर खुर्द क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसआई भट्ट ने बताया कि मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की भी पुलिस तलाश में जुटी है, जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

एसपी सिटी से मिले प्रभात, मुनीश समर्थक
बृहस्पतिवार देर शाम प्रभात ध्यानी, मुनीश कुमार समर्थक एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान से कोतवाली में मिले। उन्होंने अब तक केस की प्रगति के बारे में जानकारी लेने के साथ ही आरोपियों पर धारा 307 लगाने, स्टोन क्रशर स्वामी सोहन सिंह एवं उसके पुत्र डीपी सिंह को तत्काल गिरफ्तार करने, गांव में पुलिस चौकी खोलने एवं प्रकरण की जांच कोतवाल कैलाश पंवार को देने की बात कही। एसपी सिटी ने उन्हें अस्वस्थ करते हुए उनकी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही। इस दौरान मनमोहन अग्रवाल, मनिंदर सिंह सेठी, ललित उप्रेती, लालमणि, ललिता रावत, गणेश रावत, केसर राणा, राकेश, कलम ध्यानी, मनमोहन सिंह बिष्ट मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें