हल्द्वानीं। गर्मियों के बीच शहर में बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है। उमस भरी गर्मी के बीच विद्युत गुल होने से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। पिछले कई दिनों से दिन में कई-कई बार बिजली कटौती जारी है। बार-बार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में रोष है।
फूलचौड़ (बंदोबस्ती) के ग्रामीण हेमंत बिष्ट, सोबन सिंह, बालम मेहरा, संजय रावत ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव में दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है। पूरा बिल चुकाने के बावजूद विभाग बिजली आपूर्ति बहाल नहीं कर रहा है।
मंगलवार को रोस्टिंग और लाइन में आई खराबी से तीन घंटे तक शहर की बिजली गुल रही। ईई शहर डीएस बिष्ट ने बताया कि शाम 6.30 से आठ बजे तक रोस्टिंग थी। सुबह 10.30 से दोपहर 12 बजे तक राजपुरा फीडर और तिकोनिया फीडर में आई खराबी के कारण शट डाउन लिया गया था। इस कारण दिन में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इधर ईई ग्रामीण डीडी पांगती ने बताया कि 6.40 से 8 बजे तक रोस्टिंग थी। इस कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।