सोमवार को हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने प्रेस कांफ्रेंस कर वाहन स्वामियों का समर्थन कर दिया। साथ ही सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। शाम होते-होते भाजपा सरकार और संगठन की ओर से वाहन स्वामियों और कांग्रेस विधायक के आरोपों को सिरे से खारिज किया गया।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार गौला नदी का निजीकरण कर प्राइवेट संस्था, व्यक्ति को फायदा पहुंचाना चाह रही है। सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।
पत्रकारों से वार्ता में सुमित कहा कि पूर्व में गौला का खनन निजी हाथों में था। तब हल्द्वानी में गुंडाराज था और इस वजह से हर साल कई हत्याएं होती थीं। बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने गौला नदी में खनन का जिम्मा वन निगम को सौंपा जिससे गुंडागर्दी खत्म हुई। सरकार फिर से गुंडाराज का दौर लाने का काम कर रही है।
कहा कि वाहनों की फिटनेस निजी हाथों में दे दी गई। एक वाहन की फिटनेस में चार हजार रुपये खर्च होते थे तो अब यह खर्चा 15 हजार रुपये हो गया है। गौला सेसरकार को भारी राजस्व मिलता है लेकिन अब राज्य सरकार वन विभाग के हाथों से रॉयल्टी काटने का काम निजी कंपनी को दे रही हैं।