हल्द्वानी। रंगदारी मांगने के मामले में खुलासे के बाद पीड़ित डॉक्टर ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से मिलकर अपनी अन्य आशंकाओं को जाहिर किया। एसएसपी ने समझाया कि पुलिस ने साक्ष्य के आधार पर घटना का खुलासा किया है। यदि कोई आशंका है तो पुलिस विवेचना के दौरान सारे तथ्यों की बारीकी से जांच करेगी। संबंधित परिवार की कुंडली खंगाली जाएगी।
ईएनटी सर्जन डॉ. वैभव कुच्छल अपने साथियों के साथ बृहस्पतिवार को एसएसपी पंकज भट्ट से मिलने के लिए बहुउद्देशीय भवन गए। डॉक्टर ने अपनी मां की हत्या से लेकर रंगदारी मामले को जोड़कर तफ्तीश करने के लिए कहा। उन्होंने रंगदारी के खुलासे को लेकर सवाल भी उठाए। इस मामले में एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने डॉक्टर के बताए गए मोबाइल नंबर के आधार पर बच्चे को पकड़ा था। इस मामले में पुलिस ने धमकी देनेवाले बच्चे की लोकेशन को भी साक्ष्य के आधार पर दिखाया। बताया कि घटना के समय बच्चे के माता-पिता इलाज के लिए अस्पताल गए थे। इस तथ्य की जांच हो चुकी है। इसके अलावा डॉक्टर की अन्य आशंकाओं को भी दूर किया जाएगा।
बता दें कि डॉ. वैभव कुच्छल से सोमवार की शाम हापुड़ क्षेत्र के रहनेवाले बच्चे ने कॉल कर तीन करोड़ की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में बच्चे और उसके पिता को हल्द्वानी थाने लाया गया। बच्चे से पूछताछ की गई। बच्चे ने बताया कि उसने मजाक में फोन कर यह डायलॉग बोला था। सीडब्ल्यूसी के समक्ष पुलिस ने बच्चे को पेश किया। सीडब्ल्यूसी ने बच्चे को उसके पिता को सुपुर्द कर दिया।
परिवार के चार सदस्यों के मोबाइल की डिटेल मंगाई
पुलिस ने बताया कि रंगदारी और धमकी मांगने वाले बच्चे को छोड़ दिया गया है। बच्चे के पिता के दो भाई हैं। पुलिस ने परिवार के चार सदस्यों के मोबाइल की डिटेल मंगाई है। अभी और डिटेल मंगाने के बाद पूरे परिवार की आपराधिक कुंडली खंगाली जाएगी। इस मुकदमे की विवेचना टीपीनगर चौकी प्रभारी संजीत सिंह राठौर कर रहे हैं। पुलिस के चार्जशीट लगाने पर अदालत में मुकदमे का ट्रायल होगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने की बच्चे की काउंसिलिंग
रंगदारी मांगने वाले बच्चे की जिला प्रोबेशन अधिकारी ब्योमा जैन ने काउंसिलिंग की। समझाया कि किसी को धमकी देना अनुचित और कानून के खिलाफ है। जाते समय बच्चे ने ब्योमा का मोबाइल नंबर याद कर लिया। पुलिस के समक्ष बच्चे ने कहा कि घर जाकर वह प्रोबेशन अधिकारी मैडम को भी कॉल करेगा।