रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान लखनऊ के पर्यटक की डूबने से मौत के बाद पुलिस और वन विभाग की नींद टूटी। पुलिस ने मंगलवार को कोसी नदी में नहाने पहुंचे लोगों को हटाया और नदी में नहीं नहाने की हिदायत दी।
सोमवार को लखनऊ के पर्यटक नरेंद्र सिंह की कोसी नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। सोमवार देर रात पर्यटक के परिजन रामनगर पहुंचे और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद शव को लखनऊ लेकर चले गए। रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज के वनकर्मियों और पुलिस टीम ने दिनभर नदी क्षेत्र में गश्त की और नदी में नहाने पहुंचे लोगों को हटाया। कोसी रेंज के कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि वहां खाई खोदी जाएगी। चेतावनी बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।