लालकुआं (नैनीताल)। छुट्टी पर आए पैरामिलिट्री के कमांडो और उसके चचेरे भाई को गांव के ही कुछ अराजक तत्वों ने जबरन कार से उतारा और विरोध करने पर मारपीट की। घायलों को एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है। वहीं कमांडो के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ पूर्व सैनिक और महिलाओं ने कोतवाली में पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को महिलाओं और पूर्व सैनिकों ने कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी से कहा कि शिव मंदिर मोड़ बिंदुखत्ता में अराजकतत्व का जमावड़ा लगा रहता है। कहा कि वहां से गुजरने वाली महिलाओं, बालिकाओं और अन्य लोगों पर यह लोग नशे में अभद्रता करते हैं विरोध करने पर वह मारपीट करते है।
बताया कि इंदिरानगर प्रथम बिंदुखत्ता निवासी पैरामिलिट्री फोर्स में तैनात दीपक बिष्ट पर शिव मंदिर इंदिरानगर के पास नशे में युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घायल जवान को ग्रामीणों ने एसटीएच में भर्ती कराया है।
घायल कमांडो दीपक बिष्ट के पिता इंदर बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर देते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल डी एस फर्त्याल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर जा रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।