हल्द्वानी के दमुवाढूंगा में पनचक्की चौराहे के पास गैस पाइप लाइन की खुदाई के दौरान टूटी पेयजल लाइ?
हल्द्वानी। गैस पाइप लाइन बिछाने के चक्कर में शहर की सड़कें और पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के मामले में जब भाजपा में ही आवाज उठी तो नगर निगम हरकत में आया। ठीक चुनाव के पहले इसे जनता की परेशानी का मामला मानकर अब गैस पाइप लाइन का काम तत्काल प्रभाव से काम बंद करा दिया गया है। मेयर ने मंगलवार शाम चार बजे कंपनी के अधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया है।
नगर निगम क्षेत्र में बिछ रही गैस पाइप लाइन लोगों की आफत बन गई है। गैस पाइपलाइन बिछा रही कंपनी जेसीबी से सड़कों को खोद रही है। इससे सड़क और पेयजल लाइन आए दिन टूट रही है। एक माह पहले बनी सड़क तक को कंपनी ने खोद दिया। जेसीबी से खुदान के चलते रोज पेयजल लाइन टूट रही है। इससे शहर के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी हो रही है। जलसंस्थान गैस पाइप लाइन बिछाने वालों से निवेदन ही करता रहा मगर कुछ नहीं हुआ। चुनाव नजदीक होने के कारण विपक्ष हमलावर है। वहीं सत्तापक्ष के प्रतिनिधि लगातार प्रशासन और मंत्री से शिकायत कर रहे हैं। सोमवार को मेयर जोगेंद्र रौतेला और नगर आयुक्त ने पनचक्की के पास टूटी पेयजल लाइन और सड़क का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि निगम ने कंपनी को जिन शर्तों में गैस पाइप लाइन बिछाने का काम दिया है। कंपनी उसका उल्लघंन कर रही है। कहा कि गैस पाइप लाइन बिछाने का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। कंपनी और शिकायत कर्ताओं को भी मंगलवार को चार बजे निगम में बुलाया गया है।