नैनीताल। नैनीताल के पास चोपड़ा गांव में मंगलवार शाम तेंदुए के हमले में बच्ची की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। परिजन तेंदुए को मारने का आदेश जारी होने के बाद ही बच्ची का अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गए। इसके बाद जिलाधिकारी की संस्तुति पर वन विभाग ने आदमखोर तेंदुए को मारने के आदेश कर दिए।
मंगलवार देर शाम चोपड़ा गांव निवासी बच्ची सिंह जीना की पांच वर्षीय बेटी राखी पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। हमले में बच्ची की मौत हो गई। परिजनों के वापस गांव लौटने के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों ने हंगामा किया। परिजन व ग्रामीण विभाग से आदमखोर तेंदुए को मारने की मांग करने लगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक तेंदुए को मारने के आदेश नहीं होते तब तक वह बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हंगामे की सूचना मिलने के बाद डीएफओ टीआर बीजूलाल व रेंजर बीएस मेहता पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दी। बाद में डीएफओ टीआर बीजूलाल ने बताया कि तेंदुए को मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। नैनीताल के शिकारी हरीश धामी को जिम्मेदारी सौंपी है। परिजनों को तीन लाख मुआवजा राशि का चेक भी सौंप दिया है।