नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था को लेकर वार्डों की समीक्षा की। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सही नहीं करने पर निगम की ओर से अधिकृत कंपनी पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया, जबकि 11 बरातघर, छह स्कूल और दो कंप्यूटर सेंटर पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। उधर वार्डों में कूड़ा कलेक्शन और सफाई की स्थिति सही न होने पर दोनों सफाई निरीक्षक, बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित आठ कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगा दी है।
सोमवार को नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने सहायक नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर, सफाई निरीक्षक और बैंणी सेना की महिलाओं के साथ बैठक की। बैठक में बैंणी सेना की महिलाओं ने बताया कि वार्डों में समय से कूड़ा गाड़ियां नहीं आ रही हैं। नालियां कूड़े से भरी हैं। इस कारण लोग डोर टू डोर कलेक्शन का यूजर चार्ज नहीं दे रहे हैं। इस बार कूड़ा कलेक्शन 35 लाख से घटकर 32 लाख रुपये हो गया। उन्होंने कहा कि कई स्कूल, बरातघर और दुकानदार भी पैसा नहीं दे रहे हैं।
इस पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही कूड़ा कलेक्शन चार्ज नहीं देने पर 10-10 हजार का जुर्माना लगाने, नगर निगम की अनुबंधित कंपनी पर एक लाख का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी सहित आठ कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट को दिए।
इन बरातघरों पर लगा जुर्माना
मधुवन बैंक्वेट हॉल
कृपा सिंधु बैंक्वेट हॉल
कांता बैंक्वेट हॉल
मां काली बैंक्वेट हॉल
वृंदावन बैंक्वेट हॉल
क्वालिटी बैंक्वेट हॉल
शकुंतलम बैंक्वेट हॉल
रॉयल बैंक्वेट हॉल
महेश्वरम बैंक्वेट हॉल
देव दुर्गा बैंक्वेट हॉल
घूंघट बैंक्वेट हॉल
कंप्यूटर सेंटर : दुर्गा सिटी सेंटर में प्लानेट कंप्यूटर और रिद्धि सिद्धि