रामनगर (नैनीताल) पिछले महीने ढिकुली के रिजॉर्ट के बाहर से कैटरिंग कारोबारी का वाहन चालक 19 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को यूपी के जिला अमरोहा से साढ़े 18 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी पंकज भट्ट ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
सीओ बलजीत सिंह भाकुनी ने बताया कि दो दिसंबर को काशीपुर कटोराताल निवासी कैटरिंग कारोबारी राकेश कुमार उर्फ रॉकी ने पुलिस को सूचना दी कि ढिकुली स्थित एक रिजॉर्ट में उसका कैटरिंग का काम चल रहा था और वह चालक साजिद उर्फ राजा निवासी महेशपुरा काशीपुर के साथ पहुंचा था। उसकी कार में 19 लाख रुपये थे, जब वह रिजॉर्ट के अंदर गया तो उसका चालक कार और रुपये लेकर फरार हो गया।
सीओ के अनुसार गर्जिया चौकी प्रभारी मनोज नयाल ने आरोपी को पकड़ने के लिए मेरठ, दिल्ली, बिजनौर सहित कई शहरों में दबिश दी। पुलिस ने 14 जनवरी को अमरोहा के रजबपुर में दबिश देकर आरोपी साजिद को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से पहले परिवार को साली के यहां भेजा
सीओ ने बताया कि आरोपी साजिद कई दिनों से चोरी के फिराक में था। घटना से पहले उसने पत्नी और बच्चों को मुरादाबाद अपनी साली के यहां से भेज दिया था। घटना के बाद वह साली के घर गया और वहां से रुपये लेकर इधर-उधर भाग रहा था। आरोपी ने सिर्फ 50 हजार रुपये खर्च किए। वह अमरोहा में प्लाट लेकर मकान बनाने के फिराक में था, इसलिए उसने रुपयों को खर्च नहीं किया था। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि घटना के बाद वह कार को काशीपुर में एक बाग में खड़ाकर फरार हुआ था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।