भीमताल (नैनीताल)। कुमाऊं की लाइफ लाइन कहा जाने वाला भीमताल-रानीबाग मोटर मार्ग 16 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक सात घंटे (सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक) बंद रहेगा। इस दौरान छोटे-बड़े सभी तरह के वाहन ज्योलीकोट-भवाली होते जाएंगे।
बता दें कि रानीबाग में 7.17 करोड़ की लागत से टू लेन पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। पुल के पास पहाड़ी का कटान किया जाना है। इसके चलते लोनिवि अफसरों के आग्रह पर डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने ये आदेश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि दस दिन के लिए सात घंटे तक वाहनों की आवाजाही ज्योलीकोट-भवाली मार्ग से होगी। मार्ग बंद होने से भीमताल, पदमपुरी, लोहाघाट, पंचेश्वर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, धानाचूली, लमगड़ा, पहाड़पानी, भवाली, धारचूला, रानीखेत, चंपावत समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रोें के लिए आवाजाही करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सफर तय करने के साथ अतिरिक्त किराया भी देना पड़ेगा।
किसानों को अपने उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोनिवि के जेई केके पाठक ने बताया कि इस अवधि में पहाड़ काटने का काम किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मार्च 2022 तक टू लेन पुल बन जाएगा।