नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित प्रकरण में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आया है। मामले में नरेश पांडे के खिलाफ सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को एक अन्य युवती की शिकायत पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गौरतलब है कि नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने भवाली व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में नरेश पांडे की अग्रिम जमानत याचिका पहले निचली अदालत और फिर उत्तराखंड हाईकोर्ट से भी खारिज हो चुकी थी। इसके बाद से आरोपी पांडे फरार चल रहा था। इस बीच एक अन्य युवती की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात नरेश पांडे को गिरफ्तार किया। बुधवार को मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इसी क्रम में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए बृहस्पतिवार को पहली शिकायतकर्ता युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। देर शाम तक कोतवाली में उससे पूछताछ जारी रही। नई शिकायतकर्ता युवती ने नरेश व पूर्व शिकायतकर्ता युवती पर ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण व जबरन शारीरिक संबंध बनवाने के आरोप लगाए हैं। युवती को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
मामले में संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। युवती से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल