रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट क्रिकेट एकेडमी की प्रतिभाशाली क्रिकेटर नीलम भारद्वाज का चयन उत्तराखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। 12 मार्च से गुजरात में होने वाली सीनियर महिला वनडे चैंपियनशिप में रामनगर की नीलम खेलते हुए नजर आएंगी।
रामनगर जीजीआईसी में हाईस्कूल की छात्रा नीलम भारद्वाज (15) के कोच मो. इसरार अंसारी ने बताया कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की ओर से अक्तूबर में ट्रायल प्रक्रिया देहरादून में संपन्न होने के बाद तीन चरणों में सेलेक्शन कैंप आयोजित किया था। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नीलम का चयन सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। सीनियर महिला वनडे चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड की टीम को ग्रुप बी में रखा गया है। इसमें उत्तराखंड के अतिरिक्त रेलवे, पश्चिम बंगाल, सौराष्ट्र, हरियाणा और असम की टीमें शामिल हैं। उत्तराखंड की टीम को अपने ग्रुप के सभी लीग मैच गुजरात के राजकोट में खेलने हैं। इसके लिए टीम देहरादून से राजकोट के लिए रवाना हो गई है। नीलम ने बताया कि टीम में चयन के बाद वह बेहद उत्साहित हैं। असम से होने वाले पहले मैच में टीम को जीत दिलाने के लिए अपना शत-प्रतिशत देंगी।
दाएं हाथ की बल्लेबाज होने के साथ मध्यम तेज गेंदबाज हैं नीलम
मालूम हो कि नीलम भारद्वाज अंडर-19 और अंडर-23 आयु वर्ग में उत्तराखंड के लिए प्रतिभाग कर चुकी हैं और चार बार नेशनल गेम में भी प्रतिभाग किया है। नीलम दाएं हाथ की बल्लेबाज होने के साथ मध्यम तेज गेंदबाज और शानदार फील्डिंग के लिए जानी जाती हैं। सीनियर महिला क्रिकेट टीम मेें चयन पर कॉर्बेट क्लब के संरक्षक नवीन जोशी, अरविंद चौधरी, अध्यक्ष बलविंदर सिंह, उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट, उपसचिव इमरान हुसैन, कोषाध्यक्ष शाह फैसल, दीपक शर्मा, हेम भट्ट, श्वेता मासीवाल, शेख सलीम, मानवेंद्र कराकोटी, प्रधानाचार्य हेमा छिमवाल, प्रधानाचार्य मीना पांथरी, अतुल छिमवाल, नीरज छिमवाल आदि ने बधाई दी है।