जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से खेली जा रही कुंवर पृथ्वीराज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए फाइनल मुकाबले में शीला माउंट ने माउंट क्रिकेटर्स को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। विजेता व उपविजेता टीमों को वरिष्ठ खिलाड़ी सुदर्शन लाल साह ने पुरस्कृत किया।
माउंट क्रिकेटर्स के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 8 विकेट पर 128 रन बनाए। जिसमें गुड्डू ने 52, जुनैद ने नाबाद 26 व दीपक बिष्ट ने 16 रन बनाए। शीला माउंट से विजय ने पांच व कुलजिंदर ने एक विकेट लिया। जवाब में शीला माउंट के खिलाड़ियों ने अनिल गड़िया ने 46, विवेक बिष्ट ने 31, गोविंद बोरा ने 15 जबकि अजय साह ने 13 रन बनाए।
माउंट क्रिकेटर्स से जुनैद ने दो जबकि दीपक व मोंटू ने 1-1 विकेट लिया। निर्णायक दीपक भंडारी व योगेश कुमार, स्कोरर धर्मेंद्र गंगोला, उमेश कांडपाल सोनी व मनोज कुमार तथा उद्घोषक मनोज कुमार थे।
प्रतियोगिता के बाद आयोजित समारोह में शीला माउंट के विनीत पाठक को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, इसी टीम के विजय बहुगुणा को गेंदबाज, माउंट क्रिकेटर्स के गुड्डूू को बल्लेबाज, क्षेत्ररक्षक के लिए इसी टीम के चंदन राजपूत जबकि लेंटर इलेवन के खिलाड़ी प्रदीप कुमार को विकेट कीपर का पुरस्कार दिया गया।
इससे पूर्व डीएसए के महासचिव अजय साह व क्रिकेट सचिव एससी साह जगाती ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर संयुक्त सचिव धीरज बिष्ट, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, प्रहलाद सिंह रावत, दीवान सिंह रौतेला, दीपक मटियाली, सोहन राम, ललित साह, राजेश बिनवाल लाली, अर्जुन सिंह बिष्ट समेत खेल प्रेमी मौजूद थे। संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।