सरोवर नगरी के जंगलों में सोमवार को ठंडी सड़क, डिग्री कालेज के समीप, गोइंका निवास तथा पाईंस के समीप के जंगलों में आग लग गई। आग लगने से काफी मात्रा में वनस्पतियां आग की भेंट चढ़ गई। इसके अलावा शाम करीब पांच बजे ग्राम सभा बेलुवाखान के तहत नैनागांव के जंगल में लगी आग गोरियलधार के गांव में पहुंच गई। इस दौरान गोरियलधार गांव के ग्रामीणों के करीब दस गेहूं के भरे खेत आग में राख हो गए। इतना ही नहीं ग्रामीणों के घास के 20 लूटे भी आग की भेंट चढ़ गए। नैनागांव का प्राइमरी स्कूल भी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
नगर क्षेत्र में पालिका रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में हीरा सिंह शाही, संतोष गिरी, विमला राठौर, महेंद्र सिंह घिल्डियाल समेत फायर कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। मनोरा रेंज के तहत नैनागांव में लगी आग शाम को करीब पांच बजे गोरियलधार गांव के समीप तक पहुंच गई। गांव के अधिकांश ग्रामीण गांव में ही हो रहे विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक आग से करीब 10 से 12 गेहूं के भरे खेत आग की चपेट में आ गए तथा 20 लूटों में आग लग गई। प्राइमरी स्कूल भी आग लगने से बच गया।
ग्रामीण पूरन मनराल,राजेंद्र मनराल, केशव नैनवाल, चंदन रौतेला, शेर सिंह मनराल, उम्मेद मनराल, हेमा, लता, तुलसी समेत दजनों ग्रामीण आग बुझाने में जुटे हैं। दूसरी ओर मनोरा रेंज के वन रेंजर नरेंद्र कुमार जोशी के मुताबिक विभाग के सात कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं।