हल्द्वानी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तीन साल बाद भी गौलापार डिग्री कॉलेज के लिए भूमि का चयन नहीं होने पर कॉलेज के प्राचार्य को फटकार लगाई। नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि अब तक कॉलेज के लिए जमीन फाइनल क्यों नहीं हो पाई है।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों के बढ़ते दबाव को देखते हुए 18 अक्तूबर 2021 को राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर के नाम से गौलापार में डिग्री कॉलेज खोला गया। कॉलेज को खुले तीन साल हो गए हैं, लेकिन अब तक इसके लिए जमीन नहीं मिल पाई है। गौलापार के किशनपुर के बाद क्षेत्र के नेपाली फार्म में कॉलेज के लिए जमीन सुझाई गई है। तीन वर्षों से कॉलेज एक विद्यालय में संचालित हो रहा है। भवन नहीं बनने के कारण यहां साल दर साल प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या घट रही है। मंत्री ने इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय में हुई बैठक में कॉलेेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार से इसकी जानकारी ली। कॉलेज के लिए भूमि का चयन नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक माह के भीतर प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कॉलेज के लिए भूमि चयनित करने के निर्देश दिए।