हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज ने बीए और बीएससी (पीसीएम) एवं बीएससी (जेडबीसी) प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए गुरुवार को मेरिट लिस्ट घोषित कर दी। बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट लिस्ट फाइनल न होने के कारण शुक्रवार को जारी की जाएगी। वहीं, कालेज प्रशासन ने कहा है कि मेरिट लिस्ट के आधार पर 15 जुलाई से दाखिले किए जाएंगे। इसके लिए प्रवेश कमेटियां बना दी गई हैं।
एमबीपीजी कॉलेज में बीए में दाखिले के लिए 3830 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बीए में 1380 सीटों के लिए मेरिट लिस्ट बनाने का काम दो दिनों से प्रवेश समिति समन्वयक प्रो. हेमंत कुमार शुक्ला के निर्देशन में चल रहा था जो कि गुरुवार को दोपहर बाद खत्म हो पाया। बीए की प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. शुक्ला ने प्रभारी प्राचार्य डा. नवीन भगत की सहमति के उपरांत मेरिट लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा की।
विज्ञान संकाय की प्रवेश समिति के समन्वयक डा. बीके सिंह ने बीएससी पीसीएम ग्रुप और बीएससी जेडबीसी ग्रुप की मेरिट लिस्ट प्रभारी प्राचार्य डा. भगत की सहमति के बाद जारी की। इधर, दोपहर बाद मेरिट लिस्ट लगने के बावजूद बरसात के कारण अधिकांश छात्र लिस्ट देखने नहीं आ सके। वाणिज्य संकाय के डा. संजीव सक्सेना ने बताया कि बीकॉम की मेरिट लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी।
बीए की कटऑफ
आवेदक 3830, सीट 1380
सामान्य वर्ग - 311.6 (62.32 प्रतिशत)
एससी एवं एसटी वर्ग- 261 (52.2 प्रतिशत)
अन्य पिछड़ा वर्ग - 245 (49 प्रतिशत)
बीएससी (पीसीएम)
आवेदक 1117 और सीट 720
सामान्य वर्ग - 373 (74. 6 प्रतिशत)
एससी, एसटी और ओबीसी - आल सलेक्ट
बीएससी (जेडबीसी)
आवेदक 846, सीट 720
सामान्य वर्ग - 60.2 प्रतिशत
एससी - 48.6 प्रतिशत
एसटी - 45.8 प्रतिशत
ओबीसी- 51 प्रतिशत
कुमाऊं विवि ने प्रवेश में सवर्ण आरक्षण लागू नहीं किया
हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध ने प्रवेश में सवर्ण को 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू करने का अभी तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इस कारण एमबी कालेज समेत विभिन्न महाविद्यालयों की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में सवर्ण वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण नहीं दिया गया। यह मामला गुरुवार को उच्चशिक्षा मंत्री के सामने भी पत्रकारों ने उठाया जिस पर उन्होंने प्रभारी निदेशक उच्चशिक्षा को इस मामले को देखने के आदेश दिए। प्रभारी निदेशक डा. एससी पंत ने बताया कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है।
डीएसबी में बीए, बीकॉम में प्रवेश आज से
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में नए सत्र के लिए बीए, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। बीए में प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश समिति में डॉ. निर्मला ढैला बोरा, बीकॉम में डॉ. आरती पंत, बीएससी गणित में प्रो. एनजी साहू, जीव विज्ञान में प्रो. किरन बर्गली को संयोजक बनाया गया है। बीएससी प्रथम सेमेस्टर की मेरिट पर देर शाम तक काम जारी रहने के कारण शुक्रवार को मेरिट जारी होने की उम्मीद है।
कुमाऊं विवि : बीकॉम छठे सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित
कुमाऊं विवि ने रोका कांडा डिग्री कॉलेज का रिजल्ट
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने बृहस्पतिवार को डिग्री कॉलेज कांडा बागेश्वर को छोड़ अन्य सभी कॉलेजों के बीकॉम छठे सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित कर दिया है। विवि के मुख्य परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय पंत ने बताया कि कांडा डिग्री कॉलेज की ओर से विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा के अंक नहीं भेजे गए थे। इस कारण रिजल्ट रोका है। प्राप्तांक सूची मिलने पर रिजल्ट घोषित किया जाएगा। प्रो. पंत ने बताया कि एमबीपीजी हल्द्वानी, पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ का परिणाम भी अलग से घोषित किया जाएगा।