हल्द्वानी। धौलाखेड़ा में 132केवी उपकेंद्र का नया बिजलीघर बनेगा। इसके लिए ऊर्जा निगम के निदेशक ऑपरेशन अतुल अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को मौका-मुआयना किया। राजस्व को लेकर समीक्षा बैठक में 13 बीघा उपकेंद्र की परफॉरमेंस पर नाराजगी जताई।
निदेशक ऑपरेशन अग्रवाल बृहस्पतिवार को हल्द्वानी पहुंचे और रानीबाग स्थित एक होटल में बैठक ली। अधिकारियों से कहा कि चेकिंग शुरू कर पूरा बकाया वसूलें। एसडीओ से भी बेहतर काम करने को कहा। 13 बीघा उपकेंद्र के तहत आने वाले उपभोक्ताओं के मीटर के डिस्प्ले काम न करने की शिकायत मिली। सीई कुमाऊं अतुल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि 13 बीघा उपकेंद्र को लेकर अधिक नाराजगी थी जबकि बेहतर कार्य के लिए ग्रामीण के ईई अमित आनंद की सराहना की। 132केवी उपकेंद्र काठगोदाम का निरीक्षण किया। 132केवी धौलाखेड़ा उपकेंद्र बनने से टीपीनगर और लालकुआं में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा। वोल्टेज भी सुधरेगी। नए 132 केवी सामान्य बिजलीघर की लागत 15 करोड़ होगी। अगर जीआईएस बिजलीघर बनेगा तो 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस दौरान एसई शेखर त्रिपाठी, ईई नगर डीके जोशी, विवेक कांडपाल, सैय्यद सिराज उस्मान आदि थे।