नैनीताल में पार्किंग संचालक के रुपए चोरी होने पर पुलिस ने रुपए समेत चोर को गिरफ्तार किया है।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। होटल से हुई चोरी का खुलासा कर पुलिस ने क्षेत्र निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी हुई डेढ़ लाख की नकदी भी बरामद की है। आरोपी एमसीए की पढ़ाई पूरी कर चुका है।
कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि डीएसए पार्किंग का संचालन कर रहे मैनेजर आशु मुनग्याल ने चार नवंबर को कोतवाली में तहरीर दी थी। बताया था कि एक नवंबर को वह नगर के एक होटल में रुके थे, जहां पांच लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। बैग में पार्किंग शुल्क की धनराशि थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर होटल के सीसीटीवी कैमरों की तलाश की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया। सोमवार को फुटेज में दिख रहा युवक सात नंबर क्षेत्र में देखा गया है।
सूचना मिलने पर एएसआई सत्येंद्र गंगोला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। तभी एक युवक पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने युवक को पकड़कर पूछताछ की और उसके पास मिले बैग की तलाशी ली। बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। युवक को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई तो उसने होटल से चोरी की बात कबूल की। बताया कि एक नवंबर को नगर के होटल में रात बिताने के इरादे से गया था। होटल के एक कमरे का दरवाजा खुला होने पर वह उसमें चला गया।
कमरे में पैसों से भरा बैग मिलने पर उसे चुराकर उसी रात होटल से निकल गया। कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी विकास पांडे निवासी सात नंबर नैनीताल के पास से 1.52 लाख कैश, दो महंगे मोबाइल और दो चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपी का होटल में लगातार आना-जाना था। वह बीते वर्ष मुखानी हल्द्वानी में हुई 1.75 लाख की चोरी के मामले में छह माह की सजा पूरी कर चुका है।