अमर उजाला ने चार नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित की थी कि कुमाऊं विवि की ओर से स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के रिजल्ट जारी ना होने से हजारों विद्यार्थी छात्र संघ चुनाव में मतदान करने से वंचित हो रहे है। साथ ही यह भी प्रकाशित किया था कि विवि रिजल्ट जारी करने के साथ ही संबंधित महाविद्यालयों को रिजल्ट सीट उपलब्ध करा दे तो छात्र ऑनलाइन प्रवेश लेकर मतदान में प्रतिभाग कर सकते हैं। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए विवि ने रिजल्ट जारी करने के साथ ही महाविद्यालयों को रिजल्ट का डाटा भी भेज दिया है।
एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का कहना है कि ऐसे सभी विद्यार्थी जिनका परीक्षा परिणाम उत्तीर्ण हैं। उनका डाटा प्रवेश के लिए महाविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर लगा दिया गया है। विद्यार्थियों को निर्देशित किया जाता है कि महाविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर रोल नंबर के माध्यम से अपना आवेदन पत्र पूर्ण कर प्रवेश शुल्क भरना सुनिश्चित करें।
https://online.mbgpgcollege.ac.in/RegularReg.aspx चुनाव के मद्देनजर स्नातक तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए ( दिनांक 6 नवंबर 2023 मात्र 1 दिन) रात्रि 12 बजे तक का ही समय दिया जा रहा है, ताकि जो प्रवेश शुल्क जमा करें उसको वोट देने का अधिकार मिल पाए।
चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद महाविद्यालय का ऑनलाइन पोर्टल प्रवेश के लिए पुनः खोला जाएगा। अभी मात्र चुनाव हेतु एक दिन के लिए प्रवेश पोर्टल खोला जा रहा है।