हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज की टीम ने रुद्रपुर में हुई बॉक्सिंग प्रतियोगिता जीत ली है। कॉलेज के पांच छात्रों को गोल्ड मेडल मिला है। अब एमबीपीजी के नौ छात्र और चार छात्राएं नार्थ जोन की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। बालिकाएं 15 दिसंबर और बालक 23 दिसंबर को नार्थ जोन की प्रतियोगिता में भाग लेने जाएंगे।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. सुरेश टम्टा और बॉक्सिंग टीम के मैनेजर डॉ.अर्जुन सिंह जगेड़ा ने बताया कि रुद्रपुर में हुई प्रतियोगिता में छात्रों ने पांच स्वर्ण जीतकर विजेता का खिताब जीता। इसके अलावा चार खिलाड़ियों ने सीधे नार्थ जोन के लिए क्वालीफाई किया है। स्वर्ण जीतने वाले हिमांशु गौनी, शिवम कमार, गौरव बिष्ट, गौरव भंडारी, अंकित बिष्ट के अलावा पंकज कुमार, शुभम, कौशिक अक्षय और बालिकाओं में सोनिया गौनी, लक्की राणा, हर्षित नेगी, पूर्णिमा पंत शामिल हैं। प्राचार्य प्रो. बीआर पंत ने छात्रों की सफलता पर बधाई दी है।