कोतवाली हल्द्वानी के देवलचौड़ स्थित जगदंबा कॉलोनी निवासी नरेंद्र सिंह को शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने 11.07 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत करने पर जब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की तब पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश से पुलिस ने 13 नवंबर को मामला दर्ज किया।
दर्ज मामले में पीड़ित ने बताया कि जनवरी में एक वेबसाइट के माध्यम से उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। उन्हें शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। इसके बाद उन्होंने सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया और पर्सनल लोन की रकम भी निवेश कर दी। साइबर ठगों ने उनके मोबाइल में एक कैपस्टोन नामक एप भी डाउनलोड कराया। अलग-अलग तारीखों में 11,07,023 रुपये जमा करा लिए। बताया कि निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया तब रुपये नहीं निकले और उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने 14 जनवरी को कोतवाली में शिकायत करने के साथ राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत की।
साइबर सेल ने कुछ रकम फ्रीज भी कराई लेकिन उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। कोर्ट में अपील करने के बाद कार्रवाई हुई। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले की जांच दरोगा मनोज कुमार को सौंपी गई है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई थी उनकी जानकारी बैंक से मांगी गई है।