लीलावती पंत राजकीय इंटर कालेज की भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शुक्रवार को यहां बैठक कर स्कूल की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
तय किया गया कि इस मुद्दे पर सोमवार को एक शिष्टमंडल मुख्य विकास अधिकारी से मिलेगा, यदि उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लीलावती पंत राजकीय इंटर कालेज पूर्व छात्र/अभिभावक संघर्ष समिति गठित कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
इंटर कालेज की भूमि में पिछले कई साल से कुछ लोग लगातार अतिक्रमण कर रहे हैं। अब तक स्कूल की सैकड़ों नाली जमीन में अतिक्रमण हो चुका है। शुक्रवार को स्कूल के पूर्व छात्रों एवं अभिभावकों ने बैठक कर तय किया कि स्कूल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शीघ्र ही ठोस रणनीति तय की जाएगी। बैठक में पूर्व छात्रों के अलावा, अभिभावक और व्यापार मंडल से जुड़े लोग मौजूद थे।