विकास खंड के बजेड़ी गांव गई बारात की बोलेरो लौटते समय अनियंत्रित होकर बेतालघाट-रातीघाट रोड में स्थित खैराली गधेरे में जा गिरी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में से पांच लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद गरमपानी स्थित सीएचसी में रेफर कर दिया गया है।
शुक्रवार को बिडारी गांव निवासी खीम सिंह की बारात करीब 40 किलोमीटर दूर बजेड़ी गांव में गई हुई थी। लौटते समय शाम करीब चार बजे बारात की एक बोलेरो यूए 04 टीए 5453 बेतालघाट-रातीघाट रोड में अनियंत्रित होकर खैराली गधेरे के पास सौ मीटर खाई में जा गिरी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष मंगल सिंह भी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाई में गिरे घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी बेतालघाट पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक हादसे में बिडारी गांव निवासी दौलत सिंह (62) पुत्र राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा देवेंद्र सिंह जलाल (50), मोहन कांडपाल (38), विशन सिंह बोहरा (45), केशर सिंह, चालक दीपक जलाल (25) और जोगेंद्र सिंह (47) घायल हो गए। सभी घायलों का सीएचसी बेतालघाट में प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी गरमपानी रेफर कर दिया गया। वहीं, चालक दीपक जलाल को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।