लालकुआं में बीड़ी के लघु उद्योग में आग लगने से हुए नुकसान को दिखाता पीड़ित कारोबारी।
- फोटो : LALKUAN
लालकुआं। नगर से दूर विद्युत कॉलोनी में बीड़ी के कारखाने में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। राजस्व विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी है।
कस्बे से दो किलोमीटर दूर स्थित विद्युत कॉलोनी में बापी राय के बीड़ी कारखाने में सोमवार शाम अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। अग्निकांड से हजारों की नकदी और भारी संख्या में बीड़ी के पैक बंडल जलकर राख हो गए। कारखाने में मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे हल्का पटवारी ने निरीक्षण कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। तहसीलदार नितेश डांगर और राजस्व निरीक्षक मनोज रावत का कहना है कि हल्का पटवारी से मिली रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है। पीड़ित बीपी राय ने कोतवाली पुलिस में भी लिखित शिकायत की है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने दावा किया है कि डेढ़ लाख रुपये की नगदी जल गई। साथ ही बीड़ी और कच्चा माल जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।