भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन ने सोमवार को भाजपा के कमलुवागांजा बूथ की बैठक में बूथ केएक-एक मकान की गिनती की। महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि कौन कितने घरों में रोज दस्तक देता है।
उन्होंने पदाधिकारियों को यह भी सलाह दी कि बूथ कार्यकताओं के साथ बैठ कर वे प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को भी सुने। इसके बाद वह हल्द्वानी ग्रामीण मंडल पश्चिमी और नगर मंडल की संयुक्त बैठक में भी शामिल हुए।
संगठन को मजबूत करने की कोशिश में अब भाजपा का पूरा ध्यान बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को संगठन के लिए सक्रिय करने पर है। सोमवार को हल्द्वानी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन ने कमलुवागांजा बूथ के भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक में एक-एक बात का हिसाब लिया।
जैन ने कार्यकर्ताओं से यह तक पूछा कि कार्यकर्ता अपने बूथ में रोज कितने घरों में दस्तक देते हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक-एक कार्यकर्ता करीब 20 से 30 घरों से संपर्क बनाए हुए है। कभी सुबह की सैर तो कभी बाजार में हाल चाल के बहाने बातचीत की जाती है।
कार्यकर्ताओं ने जन धन योजना, स्वच्छता अभियान को सराहा। बैठक का संचालन महामंत्री नवीन भट्ट ने किया। इसके बाद दो मंडलों की संयुक्त बैठक में महामंत्री ने पदाधिकारियों को बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के निरंतर संपर्क में रहने की सलाह भी दी।
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि वे अब क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं से बात करेंगे और समस्याएं सुनेंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि शक्ति केंद्रों को मजबूत किया जाए।
प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट, मेयर जोगेंद्र रौतेला, तरूण बंसल, कमंडल अध्यक्ष विजय मनराल और प्रताप बोरा, नवीन पंत सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल थे।