रामनगर वन प्रभाग की कालाढूंगी रेंज में नर तेंदुए का शव मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेज दिया है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष में हुई होगी।
मंगलवार की सुबह रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज में गश्त कर रहे वन दरोगा अम्बा दत्त बिष्टानिया व वन रक्षक रमेश नपच्याल को निहाल तराई भाबर टू डी बीट में नर तेंदुए का शव मिला। उन्होंने सूचना विभाग के अफसरों को दी। एसडीओ जेएस कार्की ने बताया कि तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित हैं।
मौके पर एक अन्य तेंदुए के पंजे भी मिले हैं। मरे तेंदुए के गले व शरीर में गहरे पंजे के निशान हैं। आशंका है कि आपसी संघर्ष में तेंदुए की जान गई होगी। पशु चिकित्सक डीके आर्या व ललित जोशी द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को जला दिया गया है।
पोस्टमार्टम के दौरान आरओ शेखर तिवारी, कॉर्बेट फाउंडेशन के हरि शंकर, सुमांता कुडूं, डब्ल्यूडब्ल्यूूएफ के मिराज अनवर, व डब्लूटीआई के प्रेम चंद्र पांडे मौजूद थे।