रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए का आतंक बना हुआ था। सोमवार शाम तेंदुए गन्ने के खेत में लगाए पिंजरे में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
चिलकिया में पिछले दिनों तेंदुए ने एक मजदूर पर हमला किया था। क्षेत्र में तेंदुआ स्थानीय लोगों को लगातार नजर आ रहा था और ग्रामणों में दहशत का माहौल था। वन विभाग की कई दिनों से तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी क्रम में चिलकिया में गन्ने के खेत में एक पिंजरा लगाया था, जिसमें कुत्ते को रखा गया था। सोमवार शाम आतंक का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम तेंदुए को मय पिंजरे वाहन में साथ ले गई। एसडीओ शिशुपाल सिंह रावत ने बताया तेंदुए को पकड़ा लिया है। अब उसे घने जंगल में छोड़ा जाएगा।