हल्द्वानी। ग्राम बेल मसानी में तेंदुए ने बुधवार को एक महिला पर हमला कर दिया। महिला को गंभीर चोटें आईं हैं। उसे इलाज के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेल मसानी में यह तेंदुए का तीसरा हमला है।
45 वर्षीय गीता नेगी शाम को गौशाला में जानवरों को बांध रही थीं। इसी दौरान तेंदुए ने उनपर हमला किया। हमले में उनकी कमर और हाथ में चोर्टें आइं। गीता के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। बता दें कि इसी गांव में कुछ दिन पहले तेंदुए ने घास लेने गई ममता देवी पर भी हमला किया था। ममता का अब भी एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके बाद तेंदुए ने ममता की बेटी पर हमला किया लेकिन वह बच गई। वन विभाग ने पिंजरा तो लगाया है लेकिन तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।