ट्रांसपोर्ट नगर में लंबे समय से अव्यवस्थाओं से परेशान व्यापारियों की आखिर बृहस्पतिवार को प्रशासन को याद आ ही गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने विद्युत अधिकारियों के साथ टीपीनगर का निरीक्षण किया और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पार्क के पास अतिक्रमण बनाए गए खोखे को हटवाया गया। साथ ही पीआरडी जवानों को हिदायत दी कि किसी भी सूरत में अतिक्रमण न होने दिया जाए।
ट्रांसपोर्ट नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी संघ के पदाधिकारी विगत 21 अप्रैल को वित्तमंत्री डा. इंदिरा हृदयेश से मिले थे। व्यापारियों की दिक्कतें सुनने के बाद वित्तमंत्री डा. हृदयेश ने सिटी मजिस्ट्रेट को टीपीनगर की समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बृहस्पतिवार शाम चार बजे सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल, पावर कारपोरेशन ग्रामीण के अधिशासी अभियंता अमित आनंद, एसडीओ गोपाल सिंह बगडवाल ने टीपीनगर का निरीक्षण किया। विद्युत के ईई श्री आनंद ने विद्युत पोलों का निरीक्षण करने के बाद सभी पर लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए।
वहीं पार्क के पास टूटी हुई पुलिया का लोहे का जाल चोरी होने पर पीआरडी जवानों को फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि टीपीनगर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक लाख रुपए मंजूर किए गए हैं, इससे 50 सीएफएल खरीदी जाएंगी। इसके अलावा क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के लिए 35 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान व्यापारी संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सेठी, महामंत्री प्रदीप सब्बरवाल, जसपाल कोहली, जसपाल मालदार, हाजी नफीस अहमद, शंकर भुटियानी, राजेश पुरी, विशाल जुनेजा, विनोद आनंद आदि मौजूद रहे।