नैनीताल। नगर की प्रसिद्ध नैनीझील से लगा कैनेडी पार्क इन दिनों बदहाल है। बीते वर्षों में यहां लगाई गई टाइल्स क्षतिग्रस्त हो गई है। आकर्षक फूलों से भरे रहने वाले पार्क में अब फूल भी मुरझा गए हैं। शरारती लोगों ने ओपन जिम के उपकरण को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
नगर की नैनीझील से लगे कैनेडी पार्क को नगर के खूबसूरत स्थल के रूप में जाना जाता है। तल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप से ही झील व लोअर मालरोड के बीच में पार्क व पाथ-वे शुरू हो जाता है, जो लगभग 300 मीटर के परिक्षेत्र में परिक्षेत्र में है। बीते वर्षों में एडीबी की ओर से नगर में कराए गए विकास कार्यों के साथ ही पार्क का सौंदर्यीकरण किया गया था। लेकिन रख रखाव के अभाव में कुछ ही वर्षों में पार्क बदहाल हो गया है। क्लब प्रमुख विक्रम स्याल का कहना है कि ओपन जिम के उपकरणों को ठीक करा लिया जाएगा। टाइल्स व बगीचा नगर पालिका दुरुस्त करेगी।