रायल क्लब बेलुवाखान द्वारा आयोजित रायल क्रिकेट कप प्रतियोगिता में डेंजर क्लब काठगोदाम ने लालकुआं क्रिकेट क्लब को आठ रन से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। रामलीला मैदान में बीते एक पखवाड़े से चल रही प्रतियोगिता में 20 टीमों ने हिस्सा लिया।
सोमवार को हुए फाइनल मैच में डेंजर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए। जवाब में लालकुआं की टीम 108 रन बनाकर ढेर हो गई। रोमांचक मुकाबले में लालकुआं को हराने में डेंजर के क्रिकेटर अमान ने 80 रनों का योगदान दिया और एक विकेट चटकाया।
अमान को मैन ऑफ द मैच, संदीप को मैन ऑफ द सिरीज का पुरस्कार दिया गया। विजेता टीम को ट्राफी के साथ 15 हजार की नकद धनराशि जबकि उप विजेता को ट्राफी के साथ 7 हजार की धनराशि दी गयी।
मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान हिमांशु पांडेय व ग्राम प्रधान रामदत्त, विशिष्ट अतिथि डॉ. ललित जोशी, आलोक बोरा, सामाजिक कार्यकर्ता हेमाक और अनुपम कबड्वाल आदि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में रायल क्लब के मुकुल कुमार, दीपक चनियाल, महेश, मोहित, कैलाश पाठक, अजित आदि ने सहयोग किया।