हल्द्वानी/लालकुआं। मां को दिल्ली उपचार के लिए ले जा रहे ऊर्जा निगम हल्द्वानी में कार्यरत अवर अभियंता (जेई) गिरिजेश पंत की गजरौला में सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी कार गजरौला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में माता-पिता और चालक घायल हो गए।
हल्दूचौड़ के नाथूपुर गांव निवासी 45 वर्षीय गिरिजेश पंत अपनी मां आशा पंत को इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे। उनके साथ उनके पिता सेवानिवृत्त शिक्षक श्यामदत्त पंत भी थे। कार आगरा जनपद के बासौनी थाना क्षेत्र के कुंवरखेड़ा गांव निवासी राजू चला रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 3:30 बजे उनकी कार गजरौला में सीओ आफिस के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। गिरिजेश पंत की मौके पर ही मौत हो गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने श्याम दत्त पंत, आशा पंत, चालक राजू को हायर सेंटर रेफर कर दिया। गिरिजेश पंत के छोटे भाई कमलेश पंत हल्द्वानी में पटवारी हैं। गिरिजेश के तीन बच्चे हैं।
ट्रेनें नहीं चलने के कारण कार से गए
लालकुआं। मुरादाबाद के पास रेल लाइन में कार्य होने के चलते दिल्ली रूट की रेलगाड़ियां बंद हैं। इस कारण गिरिजेश पंत ने कार से दिल्ली जाने का निर्णय लिया था। हालांकि उन्होंने पूर्व में ट्रेन का रिजर्वेशन करा लिया था। (संवाद)