राजपुरा गौला गेट स्थित स्लॉटर हाउस में बंधे खच्चरों को नगर निगम ने भेजा गौशाला। संवाद
हल्द्वानी। प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बनभूलपुरा की लाइन नंबर 12 व 13 की मुख्य सड़क और उससे जुड़ी गलियों में किए गए अतिक्रमण को मंगलवार को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। यहां लोगों ने सार्वजनिक सड़क पर अवैध रूप से भैंसों के बाड़े और तबेले बनाए हुए थे।
एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में आम लोगों को सुगम आवागमन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। टीम जब लाइन नंबर 12 पर बकरा मीट मार्केट के नजदीक वाली गली में पहुंची तो वहां तबेला बनाया हुआ पाया। इससे गली में आवाजाही नहीं हो पा रही थी। अधिकारियों ने यहां से अतिक्रमण हटाते हुए गली को खुलवाया। टीम को लाइन नंबर 13 में भी ऐसा ही नजारा मिला। यहां भी जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। अभियान में सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, तहसीलदार कुलदीप पांडे व नगर निगम की टीम उपस्थित रही।्र