ज्योलीकोट क्षेत्र में पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने प्रभावित मरीजों के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त या 50 फीसदी रियायती इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।
नैनीताल जिले भीमताल ब्लॉक के ज्योलीकोट क्षेत्र में पीलिया, डायरिया समेत जलजनित बीमारियों के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत है। स्थिति को गंभीर बताते हुए क्षेत्र पंचायत भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर प्रभावित ग्रामीणों के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में निशुल्क तथा कम से कम 50 फीसदी छूट पर उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग की है।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ज्योलीकोट और आसपास के क्षेत्रों में जलजनित बीमारियां तेजी से फैल रही हैं और हालात जनस्वास्थ्य आपातकाल जैसे बनते जा रहे हैं। एक ही परिवार के तीन से चार सदस्य एक साथ गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं। बीमारी बढ़ने से कई ग्रामीण मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं, जहां महंगे उपचार और दवाइयों का खर्च उनके लिए भारी पड़ रहा है।
उन्होंने पत्र में प्रथम दृष्टया पेयजल व्यवस्था में विभागीय लापरवाही को भी संकट से जोड़ते हुए जांच की जरूरत बताई। डीएम से मांग की गई कि प्रभावित मरीजों को सरकारी और निजी चिकित्सालयों में निशुल्क अथवा 50 फीसदी छूट पर उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराने के आदेश दिए जाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।