गुपचुप तरीके से पत्नी का अंतिम संस्कार कर रहे युवक को पुलिस ने रोक लिया। मोहल्ले की महिला नेत्री द्वारा मृतका की हत्या की आशंका पर पुलिस ने शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका के गले में रस्सी के निशान मिले हैं। आशंका है कि गला घोंटकर महिला को मारा गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक घोड़ानाला बिंदुखत्ता के बलिया कालोनी निवासी राजकुमार सिडकुल रुद्रपुर में किसी कंपनी में काम करता है। सोमवार तड़के उसकी पत्नी कमलेश (48) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिन में वह कुछ पड़ोसियों के साथ पत्नी का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम लालकुआं पहुंच गया। इधर, मोहल्ले की महिला नेत्री राधा देवी ने पुलिस को फोन कर बताया कि राजकुमार हरिद्वार में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत अपने तीन पुत्रों को उनकी मां की मौत की जानकारी दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि मृतका की हत्या की गई है। राधा देवी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस तत्काल मुक्ति धाम पहुंच गई। यहां अंतिम संस्कार की तैयारी की ही जा रही थी कि पुलिस ने शव को चिता पर से उठवा लिया। प्रथम दृष्टया जांच में मृतक महिला के गले में रस्सी के निशान मिले हैं, जो गला दबाए जाने की ओर इशारा कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए राजकुमार को हिरासत में ले लिया। कोतवाल विपिन पंत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला घोंटने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फंदे पर लटकी हुई थ्ाी पत्नी: राजकुमार
राजकुमार के मुताबिक रोज की तरह रविवार रात उसकी पत्नी अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह कमलेश के समय पर न उठने पर वह उसके कमरे में गया तो कमलेश फंदे पर लटकी हुई थी। उसने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक वह मर चुकी थी। रिश्तेदारों को सूचना देने के बाद वह अंतिम संस्कार करने जा रहा था। उसने पहली पत्नी की मौत के बाद करीब 14 वर्ष पूर्व कमलेश से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसके तीन बेटे हैं जो रुड़की में नौकरी करते हैं।