रामनगर (नैनीताल)। बीते साल अक्तूबर में आई बाढ़ में पूछड़ी के पांच परिवारों के मकान कोसी नदी में बह गए थे। प्रशासन ने इन पांच परिवारों की वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए जोगीपुरा पंचायत भवन में टेंट लगाए। चार दिन से हो रही बारिश में टेंट भीग चुके है और सभी नमी में रहने के लिए मजबूर हैं। आर्थिक हालत इतने बिगड़ गए कि बीमार के इलाज के लिए इनके पास रुपये तक नहीं है।
पूछड़ी निवासी दिनेश कुमार, वाजिद अली, रंजीत कुमार, अनूप कुमार और आयशा बानो का घर 19 अक्तूबर 2021 को कोसी नदी के पानी में बह गए थे। वाजिद अली ने बताया कि चार दिन से हो रही बारिश का पानी टेंट के अंदर तक आ रहा है। बारिश में भीगकर 65 वर्षीय बुजुर्ग मुन्नी देवी, रंजीत कुमार व आयशा बानो बीमार पड़ गए है। पैसे नहीं होने से इलाज तक नहीं करा पा रहे है। जनप्रतिनिधियों ने भी मुंह फेर लिया है। मांग करते हुए कहा कि प्रशासन मदद करे और उन्हें घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाए।
एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि बीमारों को उपचार सरकारी अस्पताल में कराया जाएगा। अधिकतर लोग बाहर के रहने वाले हैं, इनको इनके मूल स्थान में भिजवाया जाएगा।