रामनगर (नैनीताल)। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और पर्यटन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि उत्तराखंड में आप बेहतर प्रदर्शन करेगी, क्योंकि प्रदेश की जनता में आम आदमी पार्टी के प्रति अंडर करंट है। राय ने कहा कि 10 मार्च को जब चुनाव परिणाम घोषित होंगे, तब पार्टी सभी को चौंका देगी।
रामनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में गोपाल राय ने कहा कि पार्टी अब वर्चुअल रैली करेगी। पार्टी के संजय सिंह, दिनेश मोहनिया सहित तमाम शीर्ष नेता वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड की जनता को पांच गारंटी दी हैं, जिन्हें जनता के सम्मुख रखेंगे। प्रदेश में आप की सरकार बनने पर जनता से किए गए वादों को हर संभव पूरा किया जाएगा। पार्टी डोर टू डोर जनसंपर्क भी करेगी। इस दौरान प्रदेश के 70 विधानसभा के प्रत्याशी जनता की समस्याओं को भी जानेंगे। चुनाव जीतने के बाद जन समस्याआें को हल किया जाएगा।
गोपाल राय ने कहा कि उत्तराखंड के अधिकांश लोग दिल्ली में रह रहे अपने रिश्तेदारों से आप की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी ले रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड की जनता भी प्रभावित हो रही है। आने वाले समय में जनता आप आदमी पार्टी को अपना आशीर्वाद देगी। प्रेस वार्ता में रामनगर से विधायक प्रत्याशी शिशुपाल सिंह रावत, नवीन नैथानी, संदीप मनराल आदि मौजूद रहे।