हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज प्रवेश समिति का कहना है कि महाविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल में जिन विद्यार्थियों ने विषयों की वरीयता दर्ज की है, वह जल्द से जल्द अपना प्रवेश ले लें। समय पर प्रवेश नहीं लेने पर उन्हें मनचाहा विषय मिलने में दिक्कत हो सकती है। कॉलेज में अब तक 1838 विद्यार्थियों ने आवेदन पत्रों का ऑफलाइन सत्यापन करा लिया है जबकि 1378 विद्यार्थियों ने फीस जमा कराई है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि आठ अक्तूबर तक प्रथम और द्वितीय दोनों वरीयता के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। आठ अक्तूबर के बाद पहली वरीयता वाले विद्यार्थियों की मेरिट सूची विवि के वेबसाइट से हटा ली जाएगी। प्रथम वरीयता वालों को उसके बाद प्रवेश देना संभव नहीं होगा।
बीएससी बायोटेक में 44 में से 36 सीटों पर हुए प्रवेश
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की कुल 44 सीटें स्वीकृत हैं। इनमें से चार सीटें आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) की है। सामान्य वर्ग की सीटें भर गई हैं। अब आरक्षित वर्ग की आठ सीटें शेष हैं। इन पर प्रवेशार्थी नहीं मिलने की दशा में सामान्य के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
एमबीपीजी कॉलेज की जीव विज्ञान की विभागाध्यक्ष और बायोटेक की प्रभारी प्रो. सुचेता साह मेहता ने बताया कि 25 सीटें सामान्य वर्ग, आठ एससी, एक एसटी, छह ओबीसी और चार ईडब्ल्यूएस की सीटें हैं।
अब तक सामान्य की 25, एससी की चार, ओबीसी की तीन, ईडब्ल्यूएस की चार सीटों पर प्रवेश हो गए हैं। एससी की चार, एसटी की एक और ओबीसी की तीन कुल आठ सीटों पर प्रवेश होने हैं। शेष बची सभी सीटें आरक्षित वर्ग की हैं। एक महीने तक अगर इन सीटों पर आरक्षित वर्ग का कोई विद्यार्थी प्रवेश नहीं लेता है तो इन सीटों पर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश का मौका दिया जाएगा।
दूसरी मेरिट के विद्यार्थी आठ तक करें ऑनलाइन आवेदन
हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज प्रवेश समिति ने द्वितीय मेरिट सूची के विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय के पोर्टल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर आठ अक्तूबर कर दी है। प्रभारी प्राचार्य प्रो. सुचेता साह मेहता ने प्रवेश प्रभारी को ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाने के निर्देश दिए।
डिप्लोमा इन टूरिज्म पाठ्यक्रम को मिली मंजूरी
हल्द्वानी। शासन की ओर से एमबीपीजी कॉलेज में डिप्लोमा इन टूरिज्म पाठ्यक्रम को मंजूरी मिली है। यह पाठ्यक्रम भूगोल विभाग के अधीन संचालित होगा। प्रथम वर्ष के लिए महाविद्यालय में 50 सीटों की अनुमति दी गई है। 15 अक्तूबर तक प्रवेश लिए जा सकते हैं।
एमबीपीजी कॉलेज के भूगोल विभाग के प्राध्यापक और डिप्लोमा इन टूरिज्म पाठ्यक्रम के संयोजक डॉ. टीबी सिंह ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। डिप्लोमा कॉलेज के संस्थागत छात्र कक्षा के साथ ही यह कोर्स भी कर सकते हैं। कक्षाएं आडियो, वीडियो साधनों से संचालित की जाएंगी। एक वर्षीय पाठ्यक्रम दो सेमेस्टर का होगा। डिप्लोमा करने वालों को वीर चंद्रसिंह गढ़वाली पर्यटन रोजगार योजना के तहत ऋण में वरीयता देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल www.kuadmission.com
के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षाएं आठ से
हल्द्वानी। राजकीय महिला महाविद्यालय में रसायन विज्ञान छठे सेमेस्टर की विभिन्न ग्रुप की प्रायोगिक परीक्षाएं आठ से 10 अक्तूबर तक होंगी। रसायन विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. तनूजा बिष्ट ने बताया कि बीएससी बायो ग्रुप की प्रायोगिक परीक्षा आठ अक्तूबर व 10 अक्तूबर, बीएससी गणित ग्रुप की प्रायोगिक परीक्षा 9 अक्तूबर को होगी।