फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुप्ता जी के बच्चे कितने अच्छे

Wed, 27 May 2015 01:49 AM IST
नवीन सक्सेना/अमर उजाला,हल्द्वानी
विज्ञापन
विज्ञापन
‘होनहार बिरवान के होत चीकने पात’ इस कहावत को चरितार्थ किया है एक मामूली परिवार में जन्में भाई-बहन ने। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में जहां इस परिवार की बिटिया ने मेरिट में स्थान पाया है वहीं इसी परिवार के बेटे ने हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है।
विज्ञापन



राजपुरा क्षेत्र में राजेंद्रनगर गली नंबर तीन मलिन बस्ती निवासी योगेंद्र गुप्ता के घर मंगलवार का दिन एक साथ दो-दो खुशियां लेकर आया। उनकी बेटी नीरू गुप्ता ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 90.20 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 17वां स्थान पाया। खालसा नेशनल बालिका इंटर कालेज की छात्रा नीरू ने कुल 500 में से 451 अंक प्राप्त किए हैं। नीरू को परीक्षा में सबसे अधिक अंक फिजिक्स में 98 मिले हैं, जबकि केमिस्ट्री में 93 और बायो में 93 अंक पाए हैं।

इसी तरह हरगोविंद सुयाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज कुसुमखेड़ा में अध्ययनरत सचिन गुप्ता ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 92 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट में मुकाम पाने में सफलता हासिल की है। उसने 500 में 460 अंक पाए हैं। सचिन को परीक्षा में सबसे अधिक अंक 99 साइंस विषय में मिले हैं।
विज्ञापन


नैनीताल रोड स्पोर्ट्स स्टेडियम तिराहे पर कई वर्षों से गन्ने के रस का ठेला लगाकर परिवार पालने वाले योगेंद्र गुप्ता कहते हैं कि ‘ऊपर वाले’ ने उनकी मेहनत को सफल कर दिया है। वह भगवान से यही दुआ करते थे कि किसी भी तरह बच्चे कुछ ‘बन’ जाएं। वह आजकल कैटर्स का काम भी करने लगे हैं। इन होनहार बच्चों की मां रानी गुप्ता भी शॉप चलाकर अपने पति का हाथ बंटाती हैं, वह कहतीं हैं कि हमें भगवान ने दो-दो खुशियां एक साथ दी हैं।

गरीबों की बनूंगी डाक्टर : नीरू
हल्द्वानी। इंटरमीडिएट की टॉपर नीरू गुप्ता ने कहा कि वह डाक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती है। डाक्टर तो कई लोग बन जाते हैं, मगर गरीबों की निस्वार्थ सेवा कम लोग ही करते हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय की शिक्षिकाओं को देती है। वह रोजाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं।

आईआईटी कालेज से इंजीनियरिंग करने का है सपना : सचिन
हल्द्वानी। हाईस्कूल के टॉपर सचिन गुप्ता का कहना है कि वह भविष्य में आईआईटी कालेज से इंजीनियरिंग करने की तमन्ना है। इसके लिए वह हाईस्कूल की तरह इंटरमीडिएट में भी कड़ी मेहनत करेगा। उसने यह सफलता सेल्फ स्टडी के माध्यम से हासिल की है। सचिन ने कक्षा आठ तक की शिक्षा राजपुरा मोहल्ले के स्कूल से ली तथा नवीं में हरगोविंद सुयाल इंटर कालेज में दाखिला लिया।   

बड़ी बेटी नीलम ने भी किया था हाईस्कूल में टॉप
हल्द्वानी। योगेंद्र और रानी गुप्ता की बड़ी बेटी नीलम गुप्ता ने भी चार साल पहले हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की टॉपर सूची में स्थान पाया था। खालसा स्कूल से इंटर करने के बाद नीलम इस समय पंतनगर विश्वविद्यालय से बीटेक कर रही है, जबकि  बड़े बेटे सौरभ गुप्ता ने भी तीन साल पहले इंटर की परीक्षा में राजपुरा इंटर कालेज टॉप किया था। वह इस समय बिड़ला इंस्टीट्यूट से बीटेक कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें