हल्द्वानी। प्रधानमंत्री के दौरे के चलते नैनीताल रोड चकाचक बन रही है। दिनरात हॉटमिक्स का काम किया जा रहा है। महीनों, वर्षों फरियाद करने के बावजूद जहां आम जनता की एक नहीं सुनी जाती है लेकिन अब बिना मांगे सड़क चकाचक हो रही है।
एमबी इंटर कॉलेज के आसपास के सरकारी भवनों की रंगाई पुताई का काम भी जोरों से चल रहा है। एमबीपीजी कॉलेज के खंडहर से लगने वाली दीवारों की भी रंगाई पुताई हो रही है। आसपास जितने भी सरकारी दफ्तर और स्कूल, कॉलेज हैं प्रशासन की ओर से सभी को पत्र लिखकर उनकी रंगाई, पुताई, सफाई कराने को कहा है। एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बीआर पंत ने बताया कि जिला प्रशासन के पत्र के बाद उन्होंने रंगाई, पुताई का काम शुरू करा दिया है। जिला प्रशासन का पत्र जलसंस्थान के पास भी आया है जिसमें एमबी इंटर कॉलेज के पास नलकूप के ओवर हेड टैंक की पुताई और सफाई कराने को कहा गया है।