भीमताल में आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों से बात करते राज्यपाल गुरमीत ?
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का कहना है कि पर्यटन उत्तराखंड की आर्थिकी का एक प्रमुख जरिया है। ऐसे में होम स्टे योजना पलायन रोकने में गेम चेंजर की भूमिका निभा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि होम स्टे योजना का प्रचार-प्रसारकर अधिक से अधिक लोगों को होम स्टे योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इसमें महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने विलेज स्टे पर भी योजना बनाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल मंगलवार को भीमताल ब्लॉक में बोहराकून गांव स्थित आरेनिक एडोबे होम स्टे को देखने पहुंचे थे। उन्होंने होम स्टे संचालक से इस संबंध में जानकारी ली। कहा कि विलेज स्टे योजना के तहत पर्यटक गांव में आकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ यहां की संस्कृति से भी रूबरू हो सकेंगे। इससे रोजगार मिलेगा। भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में आ रही दिक्कतों व उनके सुझाव सहित अन्य जानकारियां ली। कहा कि हमारा ध्येय गांव का विकास एवं उन्हें आर्थिक दृष्टि से मजबूत बनाने होना चाहिए। वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ग्राम स्तर तक सूक्ष्म वित्तीय योजनाओं एवं डीबीटी की योजनाओं को सुगम एवं पारदर्शी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीडीओ डॉ.संदीप तिवारी, एडीएम शिवचरण द्विवेदी, पर्यटन विकास अधिकारी बृजेंद्र पांडे आदि मौजूद थे।
-इनसेट-
आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की शिक्षा का मूल आधार : राज्यपाल
भीमताल। राज्यपाल ने नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी भ्रमण कर केंद्र में पढ़ रहे बच्चों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने तीस वर्ष की सेवा पूरी कर चुकीं तीन आंगनबाड़ी कार्यर्ताओं को 30-30 हजार रुपये और वार्ड नंबर पांच के आंगनबाड़ी केंद्र को एक लाख एक रुपये देने की घोषणा की। राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर अवस्थापना एवं अन्य सुविधाएं दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री व बाल विकास मंत्री से वार्ता करेंगे। (माई सिटी रिपोर्टर)