नैनीताल। हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर दायर प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की। मुख्य स्थायी अधिवक्ता सीएससी चंद्रशेखर रावत ने न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे और न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की खंडपीठ से शीघ्र सुनवाई की मांग की। इस पर कोर्ट ने कहा कि इस मामले को मुख्य न्यायाधीश की रेगुलर बेंच में सोमवार को पेश करें क्योंकि रेगुलर बेंच ही इस मामले की सुनवाई कर रही है। पूर्व में श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर निर्णय भी उसी कोर्ट ने दिया था।
सरकार ने हाइकोर्ट में शपथपत्र पेश कर कहा है कि चारधाम यात्रा को लेकर पूर्व में दिए गए निर्णय में संशोधन कर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाई जाए। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि कोर्ट के पूर्व में दिए गए दिशा निर्देशों का सरकार पालन कर रही है। चारधाम में सरकार ने सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दीं हैं। श्रद्धालुओं की संख्या कम करने से स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है। संवाद