बदमाशों ने डहरिया स्थित रिटायर्ड कर्नल की कोठी में घुसकर उनकी पत्नी और मां की रॉड और चाकू से हमलाकर हत्या कर दी। हत्यारों ने लूट के इरादे से पूरा घर खंगाला है। दोपहर को घटना की जानकारी मिलने पर शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों के अलावा फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने घटना स्थल की जांच की। सूखे खून को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वारदात रात में की गई है। कातिलों को पकड़ने के लिए एसएसपी ने पुलिस की चार टीमें गठित की हैं।
बागेश्वर के मूल निवासी कर्नल (रि.) डीके शाह डहरिया स्थित सत्यलोक कॉलोनी पत्नी और मां के साथ रहते हैं। उनका बेटा मेजर विवेक शाह सिलीगुड़ी में तैनात हैं। कर्नल शाह अपने पौत्र का मुंडन कराने के लिए एक हफ्ते से हरिद्वार में हैं। बुधवार दोपहर कर्नल के ममेरे भाई संजय चौधरी अपनी बुआ से मिलने के लिए उनके घर आए थे।
काफी देर तक डोर बेल बजाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो संजय ने जोर से धक्का देकर दरवाजा खुद ही खोल लिया। जैसे ही संजय अंदर दाखिल हुए, उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। भूतल पर कर्नल की पत्नी फूल शाह (55) का शव खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा हुआ था। सहमे हुए संजय ने बुआ को आवाजें लगाईं पर कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद जब वह प्रथम तल के कमरे में पहुंचे तो वहां के नजारे ने उनके होश उड़ा दिए, कर्नल की मां शांति देवी (81) का शव भी खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा था।घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान, कोतवाल आरएस मेहता टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। हत्यारों ने कर्नल की मां और पत्नी के चेहरे और गर्दन पर रॉड और चाकू से वार किया था।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने मौके का मुआयना कर आशंका जताई कि कातिल पेशेवर थे। एसएसपी ने बताया कि कातिलों को पकड़ने के लिए एसओ कालाढूंगी, एसओजी प्रभारी, एसएसआई कोतवाली और कोतवाल के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गई हैं। सीओ लोकजीत सिंह के अलावा भवाली और लालकुआं के सीओ को भी जांच में लगाया गया है।
पहले मां फिर पत्नी की जान ली!
डबल मर्डर की घटना की जांच में जुटी पुलिस को जो प्रारंभिक सुबूत हाथ लगे हैं, उसके मुताबिक हत्यारे कोठी में किरायेदारों के लिए बाहर से बनाई गई सीढ़ियों से ऊपर आए होंगे। इसके बाद जिस कमरे में कर्नल की मां शांति देवी थीं, उसकी खिड़की की ग्रिल को तोड़कर भीतर दाखिल हुए और शांति देवी पर हमला कर उनकी हत्या की। इसके बाद हत्यारे घर की तलाशी लेते हुए जब भूतल पर पहुंचे होंगे तो वहां कर्नल की पत्नी फूल शाह से सामना होने पर उन्होंने उन पर भी रॉड और चाकू से वार कर हत्या कर दी। फिर पूरा घर खंगाल कर हत्यारे कमरे और फ्रंट गेट को भिड़ाकर फरार हुए।
सारा घर खंगाला है हत्यारों ने
कातिलों ने लूट के इरादे से पूरे घर को खंगाला है। अटैची, पूजाघर, अलमारी बक्से और दराजों तक का सामान बिखरा पड़ा था। इससे जाहिर है कि हत्या करने के बाद कातिलों ने घर खंगालने के लिए पूरा समय लिया।
हत्या हो गई किरायेदारों को भनक तक नहीं लगी
मकान के एक तरफ सिडकुल में कार्यरत कर्मचारी एवं रुद्रप्रयाग निवासी आशीष नेगी और रजत राणा रहते हैं। दोनों का कहना है कि रात में हुई घटना के बारे में उनको पता नहीं चल सका। दोनों की सुबह की ड्यूटी थी, लिहाजा शाम को आकर खाना खाने के बाद थकान से जल्दी सो गए थे।
हर नजदीकी व्यक्ति से की पूछताछ
डबल मर्डर की घटना के बाद से पुलिस जांच में जुटी है। इधर, एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान पुलिस ने मामले में पड़ोसियों के अलावा घर में झाड़ू-पोछा करने वाली नौकरानी अनीता और दोनों किरायेदारों से मामले के संबंध में जानकारी हासिल की। अनीता का कहना था कि वह दोपहर में झाड़ू-पोछा कर चली गई थी। पड़ोसी महिलाओं ने बताया कि कर्नल की पत्नी और मां से मंगलवार शाम करीब सात बजे तक बातचीत हुई थी। पुलिस पड़ोस में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है।