नैनीताल/हल्द्वानी। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने देहरादून और हरिद्वार जिलों के साथ-साथ नगर निगम हल्द्वानी और नगर पालिका क्षेत्र नैनीताल के सभी स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि कक्षा-10 एवं कक्षा-12वीं को विद्यार्थियों को सशर्त पढ़ाई की अनुमति दी जाती है। उधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि 14 अप्रैल को सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से 11 वीं तक की वार्षिक गृह परीक्षाओं का परीक्षाफल घोषित होना है। नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र के स्कूल अपने यहां के बच्चों का परीक्षाफल ऑनलाइन घोषित करेंगे। स्कूल बंद करने के संबंध में हल्द्वानी खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है कि वे नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र में स्कूल बंदी के आदेश का पालन कड़ाई से कराएं।