बाबा तरसेम सिंह के हत्यारे ने दो नहीं बल्कि तीन गोलियां चलाई थीं। तीसरी गोली सेवादार पर चलाई गई थी लेकिन वह बाल-बाल बच गया था। पढ़िए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बयान...
धार्मिक डेरा कार सेवा के जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह के हत्यारे ने ऑटोमेटिक राइफल से दो नहीं बल्कि तीन गोलियां चलाई थीं। तीसरी गोली सेवादार पर चलाई गई थी लेकिन वह बाल-बाल बच गया था। बृहस्पतिवार सुबह 6:13 बजे बाबा तरसेम सिंह पर दो गोलियां दागने के बाद जब हत्यारे भागे तो सेवादार जसपाल सिंह ने ईंट उठाकर उन्हें मारने का प्रयास किया तो उन्होंने उस पर फायर किया। हालांकि गोली जसपाल को न लगकर लंगर हाॅल के पिलर में जा घुसी।
मामला पुलिस में विचाराधीन हैं। एफआईआर में मेरा नाम देने का कोई आधार नहीं है। मैं अभी इस बारे में कुछ नहीं कहूंगा। - हरबंश सिंह चुघ, अध्यक्ष गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री नानकमत्ता साहिब
विज्ञापन
बाबा तरसेम सिंह की हत्या की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष और सही तरह से जांच करे। हत्या और षड्यंत्र का पर्दाफाश होना चाहिए। किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाए और कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए। - अमरजीत सिंह, महासचिव, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री नानकमत्ता साहिब
अंदेशा : हथियार स्थानीय स्तर पर किसी ने उपलब्ध कराए
सेवादार ने बताया कि हत्यारोपी नानकमत्ता किसी अन्य वाहन से आए थे। हत्याकांड में प्रयुक्त बाइक और हथियार साजिश में शामिल स्थानीय व्यक्ति की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं। हत्यारोपियों को वारदात से दो दिन पहले डेरे में घूमते देखा गया था। हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों हमलावर 19 मार्च से सराय के कमरा नंबर 23 में रह रहे थे।
पीलीभीत भी पहुंची पुलिस
हत्या करने के बाद दोनों बदमाश चोर रास्तों से पीलीभीत होते हुए फरार हुए थे। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों से मिली लोकेशन आधार पर बरखेड़ा पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से यहां के सीसीटीवी खंगाले गए। उत्तराखंड पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात से ही डेरा जमा लिया। पुलिस लगातार संदिग्ध स्थानों पर स्थानीय पुलिस की मदद से जांच कर रही है। बदमाशों को बाइक और असलहा स्थानीय स्तर से उपलब्ध कराया गया या कहीं ओर से लाया गया, इस पर भी गहनता से जांच की जा रही है। संवाद
अज्ञात स्थान पर दो लोगों से पूछताछ
बाबा तरसेम हत्याकांड के खुलासे में जुटी पुलिस टीमों ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के दो लोगों से पुलिस गोपनीय स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही है। इसमें एक व्यक्ति की किसी संगठन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।