नैनीताल-यूएसनगर में पीएम की रैली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अप्रैल को नैनीताल- ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के रुद्रपुर में जनसभा करेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने पीएम की जनसभा तय होने की पुष्टि की है। भाजपा ने पीएम मोदी की जनसभा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री दो अप्रैल को 12 बजे रुद्रपुर में जनसभा करेंगे। फिर उसी दिन जयपुर ग्रामीण में जनसभा करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभाएं भी तय हो गई हैं। वह तीन अप्रैल को पिथौरागढ़ व विकासनगर में जनसभा करेंगे।
हरिद्वार में भी मोदी-योगी की सबसे ज्यादा मांग
हरिद्वार लोकसभा में प्रचार के लिए सबसे अधिक डिमांड पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की सबसे अधिक है। माना जा रहा है कि इन दोनों दिग्गजों की एक-एक जनसभा इस चुनाव क्षेत्र में होनी तय है। इन दो स्टार प्रचारकों के अलावा अमित शाह और राजनाथ सबसे अधिक डिमांड में हैं। इस सीट पर अल्पसंख्यक मतदाताओं को साधने के लिए पार्टी यहां स्टार प्रचारक शहनवाज हुसैन की जनसभा करा सकती है। मनजिंदर सिंह सिरसा का भी पार्टी उपयोग करेगी।
टिहरी और गढ़वाल में मोदी, योगी, राजनाथ, गडकरी डिमांड में
टिहरी और गढ़वाल लोस सीट पर सबसे अधिक डिमांड पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ और अमित शाह की है। माना जा रहा है कि यदि पीएम की ओर से तीन रैलियों की अनुमति मिली तो इनमें से एक श्रीनगर गढ़वाल या ऋषिकेश के आसपास किसी स्थान पर हो सकती है। पार्टी पीएम की रैली के लिए ऐसा स्थान चुनेगी जहां से दोनों संसदीय क्षेत्रों में संदेश जाए। पीएम के बाद गढ़वाल सीट पर योगी आदित्यनाथ की भी जनसभाएं होंगी। पार्टी श्रीनगर गढ़वाल और कोटद्वार में योगी की जनसभा कराने की सोच रही है। यदि पीएम की जनसभा श्रीनगर में होगी तो योगी की जनसभा चमोली या रुद्रप्रयाग जिले में कराई जा सकती है। इनके अलावा राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी की जनसभाएं भी दोनों चुनाव क्षेत्रों में कराने पर विचार हो रहा है।
प्रदेश के नेताओं में धामी की सबसे ज्यादा मांग
पांचों लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार करने के लिए राज्य के नेताओं में सबसे अधिक मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की है। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों, कैबिनेट मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को भी स्टार प्रचार बनाया है। इनका उपयोग पार्टी क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के हिसाब से करेगी।