हल्द्वानी। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 जिला क्रिकेट लीग में जीएनजी ने हल्द्वानी कोल्ट्स एकेडमी को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। विजेता टीम के हर्षित पडियार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शुक्रवार को फाइनल मुकाबला जीएनजी और डीके स्पोर्ट्स के बीच खेला जाएगा।
कमलुवागांजा स्थित मैदान में बृहस्पतिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में कोल्ट्स की टीम ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 201 रन बनाए। कुनाल हलसी 19 रन और कार्तिक रावत 37 रन ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। वैभव मेहरा व कनिष्क बिष्ट ने पारी को संभाला और क्रमश: 69 और 31 रन जोड़े। जीएनजी के गेंदबाज हर्षित पडियार ने चार व वैभव नेगी ने तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएनजी ने 38वें ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। टीम के लिए ईशान जोशी ने 59, जयवीर पाल ने 50, हर्षित पडियार ने 34 और शिवांश कांडपाल ने 29 रन का योगदान दिया। कोल्ट्स के गेंदबाज कार्तिक जोशी ने दो विकेट लिए।