रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे आग लगने से खलबली मच गई, जिस जगह पर आग लगी उसके पास ही पेट्रोल पंप था। लोगों को आशंका थी कि तेज हवा में आग पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती थी।
घटना की सूचना पर फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन के जवानों ने शीघ्र ही आग को काबू में किया। चर्चा थी कि किसी ने कूड़ा जलाने के लिए आग लगाई थी, जिसने बाद में विकराल रूप धारण कर लिया।
तीन दिन से जल रहा है कमोला बीट का जंगल
कालाढूंगी (नैनीताल)। रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज की कमोला बीट में पिछले तीन दिन से आग लगी हुई है। आग से अभी तक कई एकड़ जंगल जलकर राख हो चुका है। आग लगने से छोटे-बड़े सैकड़ों पेड़-पौधों जलकर खाक हो चुके हैं। भाजपा नेता दिवान सिंह बिष्ट और नवीन पंत का कहना है कि आग लगने से उठ रहे धुएं के कारण नया गांव कमोला और कोटाबाग के अनेक ग्रामीण क्षेत्राें में लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है। आग के आबादी की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए रेंज के सभी कर्मचारियों सहित पीआडी के जवानों को लगाया गया है। आग को बुझाने के लिए ग्रामीणों से भी सहयोग मांगा जा रहा है।
- शेखर तिवारी वन क्षेत्राधिकारी कालाढूंगी।
आग से जलीं दो झोपड़ियां
कालाढूंगी (नैनीताल)। कमोला गांव में ढोनियां के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे दो ग्रामीणों किशन राम और शिवराम के घरों में अज्ञात कारणों के चलते शुक्रवार दोपहर में आग लग गई। आगजनी में दोनों के घरों का सारा सामान जलकर खाक हो गया।, जबकि दोनों की गौशालाएं भी जल गई हैं।
आसपास के लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया अन्यथा आग अन्य झोपड़ियों में भी फैल सकती थी। सूचना पर हलका पटवारी मनोज कुमार ने मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों का घर और गौशाला समेत बर्तन आदि सामान भी जल गए हैं।